मसूरी में भारी बारिश के बाद केम्प्टी वॉटरफॉल ने लिया विकराल रूप
उत्तराखंड में मौसम बदल गया है। मसूरी में रविवार को हुई भारी बारिश से दिल दहला देने वाला मंजर दिखा। केम्प्टी वॉटरफॉल क्षेत्र में रविवार को भारी बारिश के दौरान केंपटी फॉल ने विकराल रूप धारण कर लिया। पहाड़ पर से भारी बहाव के रूप में गिरते पानी की धारा को देखकर पर्यटक सहमे नजर आए। पानी की तेज धारा के साथ मालबा और पत्थर झरने से बहकर झील में समा गए। मौसम विभाग ने 8 मई तक राज्य में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। बताया जाता है कि रविवार को दोपहर बाद कैंपटी क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। इससे 3:00 बजे के आसपास केंपटी फॉल उफान पर आ गया। झरने के पानी का रूद्र रूप डरने वाला था। तेज धार के साथ भारी मात्रा में पहाड़ का मालवा और पत्थर नीचे गिरने लगे। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों को केंपटी फॉल जाने से रोक दिया।
इतना ही नहीं पुलिस ने फौरन कदम उठाते हुए झरने के आसपास मौजूद पर्यटकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकलते हुए सेफ़ जगह ले गई। झील में मालबा जमा हो गया। यही नहीं तीन-चार दुकानों में पानी भी घुस गया। मालबा आने से त्यूणी-मलेथा हाईवे कुछ देर के लिए बाधित भी रहा। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
मौसम विभाग की माने तो उत्तराखंड में 8 मई तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटे के दौरान राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिलों के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक और तूफानी हवाओं के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह पर ओले भी गिर सकते हैं। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी जा सकती है।