मुंबई: कभी भारी-भरकम वजन, तो कभी अपनी जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन या फिर अपनी लव लाइफ की वजह से सुर्खियों में रहने वाले इस शख्स के सीने में बहुत दर्द छिपा है. इनके घर में कोई सिंगर नहीं था और न ही संगीत की दुनिया से दूर-दूर तक कोई लेना-देना था. अपने खानदान के पहले शख्स हैं जिसने म्यूजिक में करियर बनाया. हम अदनान सामी (Adnan Sami) की बात कर रहे हैं, जिन्हें साल 2016 में भारत की नागरिकता मिली. अदनान की इंडिया आने की कहानी बेहद खौफनाक है.90 के दशक के लोगों को वो दौर बखूबी याद होगा, जब हर जगह सुनाई देता था, ‘तेरी ऊंची शान है मौला, मेरी मर्जी मान ले मौला, तू है सब कुछ जानने वाला, मैं हूं तेरा मानने वाला’. इस गाने को गाने वाले पाकिस्तान के सिंगर को भारत ने हाथों-हाथ लिया, बेपनाह प्यार दिया. अदनान बेहद मशहूर हुए, लेकिन उनकी लाइफ आसान नहीं थी. आलोचना हुई, यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी मिली.
पाकिस्तान से मिली धमकी तो फैमिली को लेकर डर लगा
बीबीसी से बात करते हुए अदनान सामी ने बताया कि जब उन्हें पाकिस्तान से धमकियां मिल रही थीं, तब उन्हें अपनी फैमिली की सिक्योरिटी को लेकर डर लगने लगा था. भारत की नागरिकता लेने के दौरान आने वाली मुश्किलों के बारे में बताते हुए कहा कि मेरी असली कहानी सिर्फ वही लोग जानते हैं जो इस पूरे प्रॉसेस में शामिल थे. जब मैंने भारत की नागरिकता के लिए अप्लाई किया और ये बात मीडिया में आ गई तो काफी कुछ सहना पड़ा.
कोई अमेरिका-लंदन जाता है, मैं इंडिया आया
अदनान के मुताबिक, इंडिया में तो मुझे बहुत कुछ सुनना-सहना नहीं पड़ा, लेकिन पाकिस्तान में बहुत क्रिटिसाइज किया गया. वहां से मुझे धमकियां भी मिली. मैं तो इन सब बातों के लिए पहले से तैयार था, लेकिन अपनी फैमिली के लिए डर लग रहा था. भारत की सिटीजनशिप लेने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की. कुछ लोगों को लगा कि मैं गलत कर रहा हूं, लेकिन मेरे ज्यादातर रिलेटिव्स ने मेरे फैसले को स्वीकार कर लिया. कोई अमेरिका जाता है, कोई लंदन, मैंने करियर बनाने के लिए इंडिया को चुना’.
अदनान के पाकिस्तान छोड़ने की वजह
अदनान का कहना है कि मुझे पाकिस्तान के लोगों से शिकायत नहीं है, बल्कि वहां की इस्टैब्लिशमेंट से दिक्कत है. जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि वहां की सरकारों ने मेरे साथ क्या किया. यही वजह है कि मैंने पाकिस्तान को छोड़ा, एक दिन मैं उन लोगों की सच्चाई सामने लेकर आऊंगा. मैं कई सालों तक चुप रहा, लेकिन सही समय आने पर इस पर बात करूंगा’.






