बीच सड़क पर साली को घसीटने लगा जीजा, जबरन कार में बिठाया; युवती ने मचाया शोर तो…

ग्वालियर. दतिया का एक युवक मायके में रह रही रूठी पत्नी पर दबाव बनाने के लिए साली का अपहरण करने ग्वालियर पहुंच गया. युवक ने चाकू की नोंक पर साली को घसीटकर कार में बैठा लिया. युवती ने चीखपुकार मचाई तो भीड़ ने आरोपी जीजा और उसके साथी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया. यह वाकया रविवार शाम चेतकपुरी चौराहे पर हुआ. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण की कोशिश और डकैती का मामला दर्ज कर लिया है.

ग्वालियर के चेतकपुरी इलाके में रविवार शाम उस वक्त कोहराम मच गया जब कार से आए दो युवकों ने सड़क से जा रही 20 साल की छात्रा के अपहरण की कोशिश की. कार सवार ने छात्रा को बाल पकड़कर घसीटा और अपनी कार में बैठा लिया. इसी दौरान छात्रा की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे व्यापारी मनोज अग्रवाल अपहरणकर्ताओं से भिड़ गए. यह देख अपहरणकर्ता ने चाकू निकाल लिया. लेकिन, मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने दौड़कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. इसके बाद लोगों ने डायल-100 को खबर दी. थोड़ी देर में झांसी रोड थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस कार सहित दोनों आरोपियों को छात्राओं के साथ झांसी रोड थाने ले आई.

पूछताछ में हुआ ये खुलासा
झांसी रोड थाने लाने के बाद पूछताछ में खुलासा हुआ कि अपहरण की कोशिश करने वाला युवक दतिया के इंदरगढ़ का रहने वाला महेश साहू है. जिस छात्रा का वह अपहरण कर रहा था वह उसकी साली है. पुलिस ने बताया कि महेश का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा है. इस वजह से वह अपने मायके में रह रही है. अपनी पत्नी पर दबाव बनाने के लिए ही महेश अपनी साली का अपहरण करने आया था. ताकि, वो पत्नी पर दबाव डाल पाए. पुलिस पूछताछ में महेश ने बताया कि विवाद के चलते पत्नी मायके में रह रही है वो पत्नी को घर लाना चाहता है लेकिन मायके वाले सुलह नही होने दे रहे हैं. यही वजह है कि वो अपनी साली के जरिए दबाव डालकर बातचीत कर पत्नी को घर वापस लाना चाहता था.

जीजा पर अपहरण की कोशिश और डकैती का केस
पीड़ित छात्रा ग्वालियर में हॉस्टल में रहकर MA की पढ़ाई कर रही है. रविवार शाम टेम्पो से चेतकपुरी चौराहे पर उतरने के साथ ही उसका अपहरण करने की कोशिश की गई. झांसी रोड पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी महेश साहू और उसके साथी आकाश कुशवाहा के खिलाफ अपहरण की कोशिश और डकैती का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात के दौरान इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी ताकि अगली जांच पुख्ता हो पाए.

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *