‘राशनकार्ड धारकों को तिरंगा खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा’, भाजपा सांसद ने शेयर किया हरियाणा का वीडियो

पूरा देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया। केंद्र ने राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह किया कि वे राष्ट्रीय नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। इस बीच भाजपा सांसद वरुण गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि राशन कार्ड धारकों को राष्ट्रीय ध्वज खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी की 75 वीं वर्षगांठ का जश्न गरीबों पर बोझ बन गया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हर भारतीय के दिल में बसने वाले ‘तिरंगे’ की कीमत गरीबों का खाना छीनकर निकालना ‘शर्मनाक’ है।

तिरंगे की कीमत गरीब का निवाला छीन कर वसूलना ‘शर्मनाक’ : वरुण गांधी

पीलीभीत से सांसद गांधी ने एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘आजादी की 75वीं वर्षगांठ का उत्सव गरीबों पर ही बोझ बन जाए तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा। राशनकार्ड धारकों को या तो तिरंगा खरीदने पर मजबूर किया जा रहा है या उसके बदले में उनके हिस्से का राशन काटा जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर भारतीय के हृदय में बसने वाले तिरंगे की कीमत गरीब का निवाला छीन कर वसूलना शर्मनाक है।’’

हरियाणा के करनाल जिले का बताया जा रहा है। इस वीडियो में कुछ राशनकार्ड धारकों को यह शिकायत करते हुए देखा जा रहा है कि उन्हें 20 रुपये में तिरंगा खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत देशवासियों से अपने घरों में 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच तिरंगा लगाने का आग्रह किया है।

प्रधानमंत्री मोदी के इस आह्वान को सफल बनाने के लिए भाजपा भी अभियान चला रही है। उल्लेखनीय है कि बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था और कृषि सहित विभिन्न मुद्दों पर वरुण गांधी पिछले कुछ समय से केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *