महाराष्ट्र के शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे और 13 अन्य विधायकों से शिवसेना का संपर्क नहीं हो रहा है। खबर यह भी आ रही है कि शिवसेना के यह सभी विधायक गुजरात के सूरत में डेरा जमा लिए हैं।
पहले MLC चुनाव में झटका, अब ठाकरे सरकार पर ही संकट; शिवसेना के 13 विधायक गुजरात पहुंचे
राज्यसभा चुनाव के बाद विधान परिषद चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, शिवसेना और कांग्रेस गठबंधन को झटका दिया है। पर्याप्त वोटों की कमी के बावजूद भगवा पार्टी ने 10 में से 5 सीटें अपनी झोली में डाल ली है। इस नतीजे ने तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की चिंता बढ़ा ही दी है। अब खबरें आ रही हैं कि कल देर शाम हुए चुनाव के बाद से महाराष्ट्र के शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे और 13 अन्य विधायकों से शिवसेना का संपर्क नहीं हो रहा है। खबर यह भी आ रही है कि शिवसेना के यह सभी विधायक गुजरात के सूरत में डेरा जमा लिए हैं। कहा जा रहा है कि शिंदे भाजपा नेतृत्व के संपर्क में है।






