उत्तराखंड के धाराली में बादल फटा, 34 सेकंड में तबाह हुआ पूरा गांव

उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले के धाराली गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली प्राकृतिक आपदा में मात्र 34 सेकंड में पूरा गांव मलबे में तबाह हो गया। बादल फटने के कारण पहाड़ों से आए भारी मलबे और पानी ने गांव को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। कई घर और होटल मलबे में दब गए, जिससे अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब पानी और मलबा तेजी से गांव में घुसा, तब कुछ लोग खुद को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तेज बहाव ने उन्हें मौका नहीं दिया। धाराली गांव नदी किनारे बसा था, जो अब मलबे के ढेर में तब्दील हो चुका है।
घटना के तुरंत बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आपदा पर इमरजेंसी बैठक बुलाई है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
इस भीषण आपदा में न केवल आम नागरिक, बल्कि हर्षिल में स्थित सेना के कैंप पर भी असर पड़ा है, जहां से 8 से 10 जवानों के लापता होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हर्षिल हेलीपैड और आर्मी कैंप भी पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर हिमालयी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *