LIVE अपडेट्स मध्यप्रदेश:ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना, पुलिस ने यात्रियों को बाहर किया

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना से सनसनी फैल गई। एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन पहुंच गए। बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने यात्रियों को स्टेशन से बाहर कर दिया है। एसपी ग्वालियर अमित सांघी का कहना है कि ये मॉकड्रिल नहीं है। किसी ने 100 डायल पुलिस को कॉल करके रेलवे स्टेशन पर बम होने की जानकारी दी थी। यहां आने वाली ट्रेनों को रुकवा दिया गया है।

खरगोन में बस ने कार को टक्कर मारी, 11 घायल

खरगोन जिले में बड़वाह से करीब 7 किलोमीटर दूर इंदौर मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के दौरान कार को टक्कर मार दी। हादसा सोमवार दोपहर हुए हादसे में 11 लोग घायल हो गए। कार में ओंकारेश्वर जा रहे तीर्थ यात्री बैठे थे। सभी को बड़वाह सिविल अस्पताल भेजा गया। यहां से दो को इंदौर रेफर किया गया।

चुनावी सभा में शामिल होने सतना पहुंचे कमलनाथ

पूर्व सीएम एवं पीसीसी चीफ कमलनाथ आज दोपहर 12 सतना एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सिंधी कैम्प गुरुद्वारे में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। वे टाउन हॉल मैदान में चुनावी सभा में शामिल होने पहुंचे हैं। पूर्व सीएम सतना से कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा सहित पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट की जनता से अपील करेंगे। वे बस स्टैंड में पार्टी कार्यकर्ता के निवास जाएंगे।

सिवनी में उल्टी-दस्त से महिला की मौत, 50 से अधिक लोग बीमार

सिवनी जिले के अगरिया गांव में उल्टी-दस्त से 50 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। बीमार लोगों को उपचार के लिए सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर में भर्ती कराया गया है। इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा है।

भिंड में कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी ससुराल से लापता

भिंड की लहार नगर पालिका से कांग्रेस की पार्षद कैंडिडेट लापता हो गई। चर्चा है कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई। लहार थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने बताया कि वार्ड-11 से प्रत्याशी रविवार रात ससुराल मढ़यापुरा से गायब हो गई। ससुराल वालों ने थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई।

प्रदेश में 9 जिलों के 10 पोलिंग बूथों पर हिंसा की वजह से पुनर्मतदान आज

पंचायत चुनाव के पहले चरण की शनिवार को हुई वोटिंग के दौरान हुई हिंसा, मतपेटियां लूटने, पीठासीन अधिकारियों के साथ हुए अभद्र व्यवहार पर राज्य निर्वाचन आयोग ने 10 जिलों के 11 मतदान केंद्रों पर मतदान शून्य कर दिया है। इनमें से 9 जिलों के 10 मतदान केंद्रों पर वोटिंग सोमवार को हो रही है। ग्वालियर जिले की जनपद पंचायत घाटीगांव के मतदान केंद्र 138 पर मंगलवार को वोटिंग होगी। राजगढ़ की ग्राम पंचायत बावड़ीपुरा के मतदान केंद्र 22 रामपुरिया में सभी पदों (पंच, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य), भिंड जिले की जनपद पंचायत रौन के मतदान केंद्र 52 में सरपंच एवं जिला पंचायत सदस्य, जिला निवाड़ी की जनपद पंचायत निवाड़ी के मतदान केंद्र 80 विनवारा में सभी पदों, सीधी जिले की जनपद पंचायत सिहावल के मतदान केंद्र 330 एवं 257 में जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान हो रहा है।

गुना में प्रसूताओं ने अस्पताल के बाहर सड़क पर गुजारी रात
गुना के जिला अस्पताल स्थित मैटरनिटी वार्ड में देर रात शॉर्ट सर्किट से अफरा-तफरी मच गई। वार्ड में भर्ती प्रसूताएं और उनके परिजन सामान समेटकर वार्ड से बाहर भागे। इस दौरान स्टाफ भी गायब हो गया। हालात यह थे कि महिलाओं को नवजात बच्चों के साथ अस्पताल की सड़क पर रात गुजारनी पड़ी। घटना देर रात 1 से 2 बजे के बीच की है।

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *