गोवा तट पर INS विक्रांत पहुंचे PM मोदी, नौसैनिकों संग मनाई दिवाली और देखा एयर पावर डेमो
गोवा तट के पास भारतीय नौसेना के स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार दिवाली नौसैनिकों के साथ मनाई। प्रधानमंत्री ने नौसेना के जवानों से मुलाकात की और उनके साहस एवं समर्पण की सराहना की।
INS विक्रांत पर पहुंचकर पीएम मोदी ने फ्लाइट डेक का दौरा किया, जहां वे MiG-29K फाइटर जेट्स से घिरे नजर आए। उन्होंने एयर पावर डेमो भी देखा, जिसमें MiG-29 के विमानों ने दिन और रात दोनों समय में शॉर्ट रनवे से टेकऑफ और लैंडिंग का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विक्रांत के अधिकारी और नाविकों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। खास बात यह रही कि नौसैनिकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सशस्त्र बलों की सफलता को समर्पित एक विशेष गीत भी गाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नौसेना न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा करती है, बल्कि भारतीय शक्ति और परंपरा की रक्षक भी है।